आज की भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल में बहुत-से लोग देर रात ऑफिस से लौटते हैं और लेट-नाइट डिनर करते हैं।
एक फैक्ट ये भी है कि आज ज्यादातर लोग किसी–न–किसी तरह की लाइफस्टाइल बीमारी से जूझ रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजहों में से एक है, अनियमित खानपान। खासतौर पर देर रात डिनर करना।
इंटरनेशनल जर्नल ऑफ फूड, न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स में प्रकाशित 2023 की एक स्टडी बताती है कि लेट-नाइट भोजन कई गंभीर हेल्थ रिस्क बढ़ा सकता है, जैसे हाई ब्लड शुगर, ओबिसिटी और हार्ट डिजीज का खतरा। स्टडी के मुताबिक, जब हम लगातार देर रात खाना खाते हैं, तो डाइजेस्टिव प्रोसेस धीमा पड़ जाता है।
लेट-नाइट डिनर शरीर की नेचुरल बायलॉजिकल क्लॉक को बिगाड़ देता है। जब खाना सही समय पर नहीं खाया जाता, तो उसका असर सिर्फ पाचन पर ही नहीं, बल्कि वजन, हॉर्मोन, दिल, ब्लड शुगर और नींद तक पर पड़ता है। इससे कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।जब रात ज्यादा हो जाती है, तो शरीर सुस्त मोड में चला जाता है। ऐसे में खाना जल्दी–जल्दी फैट में बदलकर पेट और शरीर में जमा होने लगता है, जिससे वजन बढ़ता है और मोटापा भी बढ़ सकता है।
देर रात खाने से ब्लड शुगर लेवल बढ़ता है और साथ ही टाइप–2 डायबिटीज का खतरा भी बढ़ जाता है। खासकर अगर खाना 10 बजे के बाद खाया जाए और खाकर आप तुरंत सो जाएं,लेट नाइट खाने का असर दिल पर भी पड़ता है। देर से खाने के बाद खून में ट्राइग्लिसराइड्स (एक तरह का फैट) बढ़ जाते हैं, जिससे दिल की बीमारी होने का खतरा बढ़ सकता है और शरीर में इंफ्लेमेशन भी बढ़ सकता है।

