भारत के खिलाफ 2 टेस्ट की सीरीज के लिए क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अपनी टीम घोषित कर दी है। रोस्टन चेज की कप्तानी वाली टीम में 15 मेंबर्स को चुना गया। एलिक एथनाज और दिग्गज शिवनारायाण चंद्रपॉल के बेटे तेजनारायण चंद्रपॉल की टीम में वापसी हुई। वहीं खैरी पियरी को पहली बार स्क्वॉड में जगह मिली।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होमग्राउंड पर 3-0 की हार झेलने वाली वेस्टइंडीज टीम से क्रैग ब्रैथवेट, कीसी कार्टी, मिकाइल लुईस और जोहान लैन को जगह नहीं मिली। सीरीज 2 अक्टूबर से शुरू होगी। अहमदाबाद और नई दिल्ली में दोनों मुकाबले खेले जाएंगे।
वेस्टइंडीज टीम 7 साल बाद भारत में टेस्ट सीरीज खेलने के लिए आ रही है। टीम ने 2018 में आखिरी सीरीज 2-0 से गंवाई थी। यह सीरीज मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) साइकिल में भारत की पहली होम सीरीज है, वहीं वेस्टइंडीज की घर से बाहर पहली सीरीज।
अहमदाबाद में 2 अक्टूबर से पहला टेस्ट शुरू होगा। वहीं 10 अक्टूबर से नई दिल्ली में दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। सीरीज के लिए भारत का स्क्वॉड 23 सितंबर तक रिलीज किया जा सकता है। शुभमन गिल ही भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।
वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम रोस्टन चेज (कप्तान), तेजनारायण चंद्रपॉल, ब्रैंडन किंग, केवलोन एंडरसन, शाई होप, जोन कैंपबेल, एलिक एथनाज, टेविन इमलाक, जस्टिन ग्रीव्स, एंडरसन फिलिप, अल्जारी जोसेफ, शमार जोसेफ, जेडन सील्स, खैरी पियरी और जोमेल वारिकन।


