राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव ने निकाय चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया है। जिले में दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले फेज की वोटिंग 9 सितंबर और दूसरे फेज की वोटिंग 11 सितंबर को होगी।
चुनाव परिणाम 14 सितंबर को आएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा- 27 अगस्त को निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन शुरू हो जाएंगे। 3 सितंबर तक नाम वापसी होगी। निकाय प्रमुखों का चुनाव 21 सितंबर को होगा, जबकि उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितंबर को होगा।
इसी दिन नगर निगम, नगर परिषदों और नगरपालिकाओं की साधारण सभा की बैठक होगी, उसी बैठक में डिप्टी मेयर, उपसभापति, नगरपालिका उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे।
9 सितंबर को निवाई, पीपलू, देवली, उनियारा और दूनी नगर पालिका में वोटिंग होगी।
11 सितंबर को टोंक नगर परिषद के अलावा मालपुरा, टोडारायसिंह, लांबाहरिसिंह, डिग्गी नगर पालिका में मतदान होगा।
आचार संहिता लगने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर शहरी क्षेत्रों में राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग, बैनर आदि हटाना शुरू कर दिया है।
टोंक जिले के 10 नगर निकायों के कुल 315 वार्डों की आरक्षण लॉटरी निकाली गई। इनमें SC के 56, ST के 10 और OBC के 62 वार्ड आरक्षित किए गए हैं, जबकि 187 वार्ड अनारक्षित रखे गए हैं। आरक्षित वर्गों में SC की सबसे ज्यादा 10 सीटें टोंक नगर परिषद में हैं, जबकि सबसे कम 3-3 सीटें उनियारा और लाम्बाहरिसिंह नगर पालिकाओं में हैं।
ST की सबसे ज्यादा 3 सीटें देवली में हैं, जबकि निवाई में 2 और टोंक, दूनी, डिग्गी, पीपलू व लाम्बाहरिसिंह में 1-1 सीट आरक्षित हुई है। टोडारायसिंह, मालपुरा और उनियारा में ST के लिए एक भी सीट आरक्षित नहीं हुई। OBC की सबसे ज्यादा 12 सीटें टोंक नगर परिषद में और सबसे कम 4-4 सीटें उनियारा, दूनी, पीपलू और लाम्बाहरिसिंह में हैं।
महिलाओं के लिए SC की 18, ST की 2, OBC की 20 और अनारक्षित वर्ग की 62 सीटें आरक्षित हुई हैं। यानी सभी निकायों को मिलाकर 102 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इनमें टोंक नगर परिषद में महिलाओं के लिए सबसे ज्यादा 19 सीटें आरक्षित हुई हैं, जबकि दूनी नगर पालिका में सबसे कम 6 सीटें हैं। कुल 187 अनारक्षित वार्डों में से 62 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं।



