जम्मू-कश्मीर के डोडा से AAP विधायक मेहराज मलिक के पिता शमस मलिक ने बुधवार को कहा, ‘भाजपा का काम केवल लोगों को दबाना है। जहां-जहां उनकी सत्ता है, वहां नागरिकों को चुप करा दिया जाता है, जम्मू-कश्मीर भी इससे अलग नहीं है। मेरे बेटे मेहराज मलिक को बेगुनाह होने के बावजूद निशाना बनाकर जेल भेजा गया।’
उन्होंने कहा- बेटे की गिरफ्तारी की वैधता का फैसला अब अदालत करेगी। तब तक जम्मू-कश्मीर के लोग शांति बनाए रखें। लोकतांत्रिक तरीकों से अपना विरोध दर्ज कराएं। इधर, डोडा में तनाव की स्थिति को देखते हुए BNSS की धारा 163 लागू की गई। जो अगले आदेश तक लागू रहेगी।
दरअसल, AAP की जम्मू-कश्मीर यूनिट के अध्यक्ष मेहराज मलिक को 8 सितंबर को कलेक्टर (DC) से अभद्र व्यवहार करने, सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने के आरोप में पब्लिक सिक्योरिटी एक्ट (PSA) के तहत हिरासत में लिया गया था। फिलहाल वे कठुआ जिला जेल में बंद हैं।

