
बेंगलुरु से वाराणसी आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में एक यात्री ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश की। उसने दरवाजे का सही पासकोड भी डाला, लेकिन कैप्टन ने हाईजैक के डर से दरवाजा नहीं खोला।
केबिन क्रू ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसके साथ के लोग आ गए। अंदर जाने की कोशिश करने लगे। एयरलाइंस कर्मियों ने उन्हें फटकार लगाते हुए सीट पर बैठाया। कैप्टन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी।
ATC ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को सूचना दी। जैसे ही विमान वाराणसी में लैंड हुआ, CISF ने आरोपी और उसके 8 साथियों को हिरासत में ले लिया। सूचना मिलते ही एटीएस, एलआईयू, सेंट्रल इंटेलिजेंस और साइबर क्राइम की टीम मौके पर पहुंची। सभी बेंगलुरु के निवासी हैं। लोकल पुलिस के जरिए उनके एड्रेस का वेरिफिकेशन कराया जा रहा है।
बाबतपुर पुलिस चौकी में सुबह 10.30 बजे से उनसे पूछताछ की जा रही है। सभी के मोबाइल और कॉल डिटेल चेक किए जा रहे हैं। वाराणसी पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। कॉकपिट विमान का अगला हिस्सा होता है, जहां से पायलट विमान को कंट्रोल करता है।

