
23 दिसंबर 1997 को मुंबई में जन्मे अहान पांडे बॉलीवुड में डेब्यू करने से पहले टिकटॉक पर शाहरुख खान और रणबीर कपूर जैसे कई स्टार्स की नकल करके वीडियो बनाते थे। ‘सैयारा’ फिल्म के डायरेक्टर मोहित सूरी ने अहान पांडे के पुराने टिकटॉक वीडियो डिलीट करवा दिए, क्योंकि वे क्रिंज या छपरी स्टाइल के थे, जो उनकी फिल्म ‘सैयारा’ के हीरो वाली इमेज से मेल नहीं खाते थे।
यह फैसला फिल्म रिलीज से पहले लिया गया ताकि दर्शकों को अहान का वो वाला पक्ष न दिखे। अहान पांडे ‘सैयारा’ से पहले एक शॉर्ट फिल्म ‘फिफ्टी’ में अपने चाचा चंकी पांडे के साथ काम कर चुके थे। यह शॉर्ट फिल्म अहान ने खुद अपने दोस्तों के साथ मिलकर बनाई थी।
बहरहाल, सैयारा से नेशन के हार्ट थ्रोब (दिल की धड़कन) बन चुके अहान पांडे की एक्टिंग की तारीफ युवाओं ने खूब की। इसे आमिर और शाहरुख खान के बेटों से बड़ा डेब्यू माना गया। अहान पांडे अब यशराज फिल्म्स की एक्शन-रोमांटिक फिल्म की तैयारी में जुट गए हैं। जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू होने वाली है।
अहान पांडे बॉलीवुड स्टार चंकी पांडे के भतीजे और एक्ट्रेस अनन्या पांडे के कजिन हैं। उनके पिता चिक्की पांडे (आलोक शरद पांडे) एक सफल बिजनेसमैन हैं, जो स्टील के कारोबार से जुड़े हैं। मां डीन पांडे एक प्रसिद्ध फिटनेस एक्सपर्ट, लाइफस्टाइल कोच, लेखिका और पूर्व मॉडल हैं।
उन्होंने “I’m Not Stressed” और “Shut Up and Train” जैसी बेस्ट सेलिंग किताबें लिखी हैं और कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को फिटनेस ट्रेनिंग दी है।
अहान के दादा शरद पांडे (1934-2004) भारत के पहले हार्ट ट्रांसप्लांट करने वाली टीम के सदस्य थे, जो देश में पहला और दुनिया में छठा ऐसा ऑपरेशन था। वे ब्लडलेस हार्ट सर्जरी के विशेषज्ञ माने जाते थे। उन्होंने मुंबई के नानावटी, ब्रीच कैंडी, होली फैमिली व केईएम अस्पतालों में काम किया।
उन्होंने गरीबों के लिए सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज किया और 1991 में भारतीय हृदय-वक्ष शल्यचिकित्सक संघ (Indian Association of Cardiovascular-Thoracic Surgeons (IACTS) के पहले अध्यक्ष बने। मुंबई में उनकी स्मृति में एक सड़क का नाम शरद पांडे मार्ग रखा गया है।

