देवली थाना क्षेत्र के सिरोही गांव के समीप स्थित पाइप फैक्ट्री के पास मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोटा से जयपुर जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार बेकाबू होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी और एक पोल से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार में सवार एक महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका की पहचान बोरखेड़ा कोटा निवासी नाजिया पत्नी वसीम खान के रूप में हुई है। घायलों में कार चालक वसीम खान पुत्र जाकिर खान (बोरखेड़ा कोटा), शिमरोज पुत्री रियाज (ट्रांसपोर्ट नगर जयपुर) और मोहम्मद अजा पुत्र वसीम खान शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को देवली उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद वसीम खान की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं, शिमरोज और मोहम्मद अजा को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। मृतका नाजिया के शव को देवली उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
हादसे की सूचना पर देवली थाने के हैड कॉन्स्टेबल सैयद जावेद और कॉन्स्टेबल राजेश मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पोल से टकराई कार ग्रामीणों ने बताया कि कार सड़क पर चलते हुए अचानक बेकाबू होकर खाई में पलटती हुई एक पोल से टकरा गई, जिससे कार पोल में फंस गई और उसके चारों टायर हवा में लटक गए। ग्रामीणों ने कार से पोल को हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी का बंपर 10 फीट पहले ही टूट गया था उसकी एक तरफ की हेड लाईट टूटकर दूर जा गिरी और कार बुरी तरह से पिचक गई थी।

