जयपुर में एसीबी ने मानसरोवर स्थित मीरा केशव महिला प्रशिक्षण महाविद्यालय की डायरेक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी जयपुर को शिकायत मिली थी, जिसमें शिकायतकर्ता स्टूडेंट ने आरोप लगाया कि कॉलेज में अटेंडेंस पूरी नहीं होने के कारण महाविद्यालय की निदेशक भंवर कंवर उसे परेशान कर रही थी। बाद में निदेशक ने अटेंडेंस पूरी करने के एवज में 5000 रुपए की रिश्वत मांगी थी।
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया। इसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हो गई। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाकर मंगलवार को कार्रवाई को अंजाम दिया।
सत्यापन के बाद बिछाया ट्रैप, रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार एसीबी जयपुर एस.यू. फर्स्ट की पुलिस निरीक्षक अर्चना मीणा के नेतृत्व में टीम ने महाविद्यालय की निदेशक भंवर कंवर को 4500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।
एसीबी टीम अब गिरफ्तार निदेशक से पूछताछ कर रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।

