
एमएलए फंड में कमीशन मांगने वाले तीनों विधायकों को विधानसभा की सदाचार कमेटी ने फिर पूछताछ के लिए बुलाया है। कमेटी ने खींवसर से बीजेपी विधायक रेवंतराम डांगा, हिंडौन से कांग्रेस MLA अनीता जाटव और बयाना से निर्दलीय एमएलए ऋतु बनावत को नोटिस जारी कर 6 जनवरी को पेश होने को कहा है।
कमेटी के सभापति कैलाश वर्मा ने कहा- जरूरत पड़ने पर स्टिंग के वीडियो को FSL जांच के लिए भेज सकते हैं। हालांकि अभी इस पर निर्णय नहीं हुआ।
सदाचार कमेटी ने बागीदौरा (बांसवाड़ा) से BAP विधायक जयकृष्ण पटेल को भी 7 जनवरी को पूछताछ के लिए तलब किया है। पटेल के केस की जांच करने वाले एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के जांच अधिकारी को भी बुलाया है।एसीबी ने 4 मई को जयकृष्ण पटेल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

