
जयपुर में नीरजा मोदी स्कूल की स्टूडेंट अमायरा के सुसाइड मामले में स्कूल ने दो टीचर्स को निकाल दिया है। इनमें अमायरा की क्लास टीचर पुनीता शर्मा और मैथ्स की टीचर रचना हैं।
सीबीएसई ने घटना के लिए बुलिंग और टीचर-मैनेजमेंट की ओर से इस पर ध्यान नहीं देने को कारण माना था। इसके बावजूद शिक्षा विभाग के नोटिस में बुलिंग का कोई जिक्र नहीं है।
दरअसल, 9 साल की अमायरा ने एक नवंबर 2025 को स्कूल बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया था।
मामला सीबीएसई और राज्य शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर जांच के दायरे में है। शिक्षा विभाग ने भी इस मामले में अपनी जांच पूरी कर उच्च अधिकारियों और शिक्षा मंत्री को सोमवार को रिपोर्ट सौंप दी है।
राज्य शिक्षा विभाग को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूलों के मामले में केवल एनओसी जारी करने का अधिकार होता है। हालांकि जांच रिपोर्ट में सामने आई खामियों के आधार पर विभाग ने स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा है।
जिस दिन ये रिपोर्ट सौंपी गई है, उसी दिन स्कूल ने दो टीचर्स को स्कूल से निकालने की बात सामने आई।

